शिलाई में खाई में गिरी कार, पिता-पुत्र की मौत, 10 वर्षीय बेटी सुरक्षित मिली
शिलाई, 02 नवंबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में रविवार देर रात एक कार दुर्घटना में पिता और आठ वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि कार में सवार उनकी 10 वर्षीय बेटी सुरक्षित बच गई। हादसा कांडो-भटनोल गांव के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस थाना शिलाई को सूचना मिली कि कांडो-भटनोल के पास एक ब्रेजा कार (HP85-0365) दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हादसे में कार सवार सोहन सिंह (40) पुत्र हीरा सिंह निवासी गांव कमोटा, तहसील शिलाई और उनके आठ वर्षीय बेटे शिवांशु ठाकुर की मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद सोहन सिंह की 10 वर्षीय बेटी अन्वी ठाकुर मौके पर नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने रातभर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बच्ची घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर सुरक्षित हालत में मिली। उसे हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भेज दिए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और इस संबंध में थाना शिलाई में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

