home page

काला अंब इंटर-स्टेट बैरियर से टकराया बेकाबू कंटेनर, दो लोग घायल

 | 
काला अंब इंटर-स्टेट बैरियर से टकराया बेकाबू कंटेनर, दो लोग घायल


नाहन, 27 सितंबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के काला अंब में रविवार तड़के तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर इंटर-स्टेट बैरियर से टकरा गया। हादसे में चेक पोस्ट का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दो लोग घायल हुए हैं। बैरियर पर ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों ने कंटेनर को आते देखकर समय रहते सुरक्षित स्थान की ओर भागकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब चार बजे काला अंब और हरियाणा की सीमा पर स्थित इंटर-स्टेट बैरियर पर हुआ। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में तेज रफ्तार कंटेनर सीधे बैरियर की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। खतरा भांपते ही वहां खड़े लोग पीछे की ओर भागे और कुछ ही सेकंड बाद कंटेनर चेक पोस्ट से टकरा गया। दुर्घटना में घायल हुए दो लोगों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के समय चेक पोस्ट पर एआरटीओ कार्यालय का एक कर्मचारी और तीन अन्य कर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे। कर्मचारियों ने कंटेनर को तेजी से अपनी ओर आते देख लिया और तत्काल सुरक्षित स्थान पर हट गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चेक पोस्ट के ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। कर्मचारियों की सतर्कता के कारण बड़ा जानी नुकसान टल गया, हालांकि घटना के बाद बैरियर परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगा रही है। जांच में कंटेनर की गति, ब्रेक फेल होने की आशंका और चालक की स्थिति जैसे बिंदुओं को शामिल किया गया है। पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

काला अंब हिमाचल प्रदेश और हरियाणा को जोड़ने वाला व्यस्त औद्योगिक सीमा क्षेत्र है, जहां से बड़ी संख्या में भारी व्यावसायिक वाहन गुजरते हैं। इस हादसे के बाद इंटर-स्टेट बैरियर पर दिन-रात ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुए चेक पोस्ट के कारण बैरियर की संरचना को भी नुकसान पहुंचा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर