home page

पांवटा साहिब में अनियंत्रित कार ने साइकिल सवार महिला को मारी जोरदार टक्कर, हालत गंभीर

 | 

नाहन, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में वाई पॉइंट पर एक कार ने साइकिल सवार 50 वर्षीय महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक दुकान के शटर से जा टकराई। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून अस्पताल ले जाया गया है।

घायल महिला की पहचान अनुराधा (49), पुत्री हरदयाल चौधरी, निवासी हीरपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वाई-पॉइंट पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे साइकिल लेकर पैदल जा रही राधा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला कार के टकराने के बाद शटर के समीप छिटककर गिर गई। वहीं चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सड़क किनारे स्थित दुकान के शटर से टकरा गई।

हादसे के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। महिला को गंभीर हालत में उपचार के लिए देहरादून ले जाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर