home page

मंडी के पराशर घूमने जा रहे पंजाब के युवकों की कार दुर्घटनाग्रस्त, पांच घायल

 | 
मंडी के पराशर घूमने जा रहे पंजाब के युवकों की कार दुर्घटनाग्रस्त, पांच घायल


मंडी, 09 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिले में वीरवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। जिले के उत्तरशाल क्षेत्र की पराशर झील घूमने जा रहे पंजाब के युवकों की कार कटौला के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार सवार पांच युवक घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के रहने वाले 5-6 युवक कार नंबर यूपी 19 डब्ल्यू-4908 में सवार होकर मंडी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पराशर झील घूमने के लिए निकले थे। सफर के दौरान वे मुख्य मार्ग से भटक गए और पराशर जाने वाली सड़क की बजाय कटौला क्षेत्र की ओर पहुंच गए। जैसे ही उनकी कार आरंग सड़क के पास बथेरी में पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार गहरी खाई की ओर अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और तुरंत आपातकालीन सेवा को सूचित किया गया। मौके पर दो 108 एंबुलेंस पहुंची, जिनकी मदद से सभी घायलों को तुरंत जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचाराधीन एक युवक के सिर और माथे पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण डॉक्टरों ने उसकी स्थिति नाजुक बताई है।

हादसे में घायल हुए चार युवकों की पहचान आर्यन (21 वर्ष), प्रियांश (22 वर्ष), विशाल (22 वर्ष), सूरज कुमार (21 वर्ष) अन्य एक युवक की पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही मंडी पुलिस की टीम ने जोनल अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा केवल रास्ता भटकने और तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई तकनीकी खराबी थी।

हिमाचल के पहाड़ी क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को सलाह दी जाती है कि वे गूगल मैप्स के भरोसे अनजान लिंक सड़कों पर जाने से बचें और स्थानीय लोगों से रास्ते की पुष्टि जरूर करें क्योंकि कई बार तकनीकी कारणों से नेविगेशन गलत रास्तों पर ले जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा