नीट-यूजी 2026 पेपर लीक की हो निष्पक्ष जांच : अभाविप
शिमला, 12 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा में सामने आ रही कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर गहरी चिंता जताई है। परिषद ने कहा है कि परीक्षा की गोपनीयता और विश्वसनीयता पर उठ रहे सवालों से देशभर के लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
अभाविप की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी और जांच एजेंसियों से सामने आ रही जानकारियों ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। संगठन का कहना है कि प्रवेश परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
परिषद ने कहा कि यदि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र या उससे जुड़े सवाल कुछ लोगों तक पहुंचे हैं, तो यह केवल परीक्षा प्रणाली पर हमला नहीं बल्कि उन लाखों विद्यार्थियों के साथ अन्याय है, जिन्होंने पूरे साल मेहनत कर परीक्षा की तैयारी की।
अभाविप ने केंद्र सरकार से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच केंद्रीय एजेंसियों से करवाई जाए। संगठन ने कहा कि इस मामले में शामिल दोषियों, परीक्षा माफियाओं और किसी भी स्तर पर सहयोग करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थी वर्षों की मेहनत और संघर्ष के बाद नीट जैसी परीक्षाओं में शामिल होते हैं। ऐसे में किसी भी तरह की अनियमितता उनके मनोबल और भविष्य पर गंभीर असर डालती है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि अभाविप लगातार मांग करती रही है कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में तकनीकी सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, परीक्षा केंद्रों की निगरानी और जवाबदेही की व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

