सरकाघाट छात्रा हत्याकांड और पीजीटी कॉन्ट्रैक्ट नीति के विरोध में एबीवीपी का प्रदर्शन, सरकार पर उठाए सवाल
नाहन, 14 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला सिरमौर ने मंगलवार को प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। परिषद ने सरकाघाट में हुई छात्रा हत्याकांड की घटना और पीजीटी कॉन्ट्रैक्ट पॉलिसी के विरोध में प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
धरने के दौरान शिवानी चौहान, शीतल सूर्यवंशी, प्रदेश सह मंत्री अवि ठाकुर और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनीष बिरसान्टा ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और पीजीटी कॉन्ट्रैक्ट नीति को लेकर सरकार को घेरा।
मनीष बिरसान्टा ने कहा कि सरकाघाट में दिनदहाड़े छात्रा की हत्या अत्यंत निंदनीय है और यह प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि पिछले कुछ वर्षों से महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। महिला सशक्तिकरण के दावे केवल नारों तक सीमित रह गए हैं। उन्होंने मांग की कि इस मामले में सख्त कार्रवाई कर पीड़ित छात्रा को न्याय दिलाया जाए और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि प्रदेश में वर्तमान सरकार के सत्ता में आने के बाद न तो युवा संतुष्ट हैं और न ही आम जनता। प्रदेश में चिट्टा माफिया, वन माफिया और फिरौती माफिया बेलगाम हो गए हैं। आए दिन महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो चिंता का विषय है।
प्रदेश सह मंत्री अवि ठाकुर ने पीजीटी कॉन्ट्रैक्ट नीति का विरोध करते हुए कहा कि यह नीति युवाओं और शिक्षकों के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार से इस नीति को तुरंत वापस लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस पर जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, तो एबीवीपी पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

