अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद करवाएगी राज्य स्तरीय स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान
मंडी, 11 सितंबर (हि.स.)। प्रतियोगिता
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश द्वारा स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जा रहा है। एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री अभिनव चौधरी ने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा प्रदेशभर के 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन चार अक्तूबर 2026 को किया जाएगा। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश, भारत एवं विश्व, सामान्य विज्ञान, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन, खेल, समसामयिक घटनाक्रम, धर्म एवं संस्कृति तथा तर्कशक्ति सहित विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के साथ-साथ देश, समाज एवं राष्ट्र के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान को परखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने प्रदेश के सभी 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के लिए 14 से 26 सितंबर 2026 तक पंजीकरण किया जाएगा। यह परीक्षा 4 अक्तूबर को आयोजित होगी तथा परिणाम 31 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 31,000 रूपए, द्वितीय पुरस्कार 21,000 और तृतीय पुरस्कार 15,000 रूपए रखा गया है। जबकि चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन पुरस्कार 11000 रूपए प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार 10,000रूपए, द्वितीय पुरस्कार 7,000रूपए और
तृतीय पुरस्कार 5,000रूपए प्रदान किए जाएंगे। वहीं पर चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन पुरस्कार के रूप में 1,100 प्रदान किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में कुल 6,22,500 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रदेश के सभी विद्यालयों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

