home page

देउरी स्कूल के उदघाटन् पर राजनीति करना बंद करे प्रदेश सरकार:विशाल ठाकुर

 | 
देउरी स्कूल के उदघाटन् पर राजनीति करना बंद करे प्रदेश सरकार:विशाल ठाकुर


मंडी, 14 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश के स्कूली विद्यार्थी कार्य के प्रदेश संयोजक विशाल ठाकुर ने कहा कि हाल ही में मंडी जिला के द्रंग विधानसभा के देउरी स्कूल उद्घाटन का नाटकीय कृत्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। बता दें कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देउरी के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर द्वारा किया जाना था। परंतु अंत मौके पर उन्हें उद्घाटन करने से रोक दिया गया और वे उद्घाटन किए बिना वहां से चले गए। यही नहीं इसके पश्चात उद्घाटन पट्टिका को भी निकाल दिया गया। ऐसे में स्कूल के छात्रों को बने बनाए स्कूल में बैठने के लिए और लंबा इंतजार करना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में मानसून के समय आई बाढ़ में मंडी जिले के पांच सरकारी स्कूल पूरी तरह बह गए थे। उनमें द्रंग विधानसभा का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देउरी भी शामिल था। उस समय आपदा के पश्चात कांग्रेस नेत्री प्रियंका वाड्रा ने देउरी का दौरा कर स्कूल के निर्माण की बात करी थी। ऐसे में स्थानीय लोगों द्वारा यह कयास लगाए जा रहे हैं कि अंत मौके पर शिक्षा मंत्री को उद्घाटन करने से रोकने की बड़ी वजह प्रदेश सरकार द्वारा स्कूल का उद्घाटन प्रियंका वाड्रा द्वारा करवाए जाने की योजना की वजह से हुआ। जबकि स्कूल के छात्र नव निर्मित स्कूल में कक्षाएं लगाने की आस लगाए बैठे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश के शिक्षा मंत्री को अंत मौके पर किसी स्कूल के उद्घाटन करने से रोका जाए और उद्घाटन पट्टिका को तुरंत निकाल दिया जाए। कांग्रेस सरकार ने एक स्कूल के साथ और वहां के बच्चों के साथ राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद प्रदेश सरकार से आग्रह करती है कि स्कूल की बिल्डिंग को तुरंत प्रभाव से छात्रों के लिए खोल दिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा