home page

शिमला में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 428 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा

 | 
शिमला में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 428 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा


शिमला, 04 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जिला शिमला की ओर से विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता और देश-समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिला शिमला के विभिन्न विद्यालयों के 428 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। प्रतियोगिता के लिए कुल 561 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था।

अभाविप जिला शिमला के अनुसार प्रतियोगिता में कुल 26 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया। संगठन ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के किताबी ज्ञान के साथ उन्हें देश, समाज, इतिहास, संस्कृति, समसामयिक घटनाओं और अन्य महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जागरूक करना है।

अभाविप ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और ज्ञान को परखने का अवसर मिलता है। इससे उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। संगठन के अनुसार प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में भागीदारी से पता चलता है कि युवा शिक्षा के साथ सामान्य ज्ञान और समसामयिक विषयों में भी रुचि रखते हैं।

अभाविप जिला शिमला ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस तरह के शैक्षणिक और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगठन ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों, विद्यालयों और सहयोगी शिक्षकों का आभार जताया और प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा