home page

आरोग्य जन कल्याण समिति ने धूमधाम से मनाया चौथा स्थापना दिवस

 | 
आरोग्य जन कल्याण समिति ने धूमधाम से मनाया चौथा स्थापना दिवस


मंडी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। आरोग्य जन कल्याण समिति ने अपना चौथा स्थापना दिवस जीवन सहारा वृद्धाश्रम, गुटकर, तहसील बल्ह, जिला मंडी में हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर समाज सेवा, बुजुर्गों के सम्मान और मानवता के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश सचिव राजेंद्र पाल चौहान मुख्य अतिथि के रूप में अपनी टीम सहित उपस्थित रहे।

संस्था की संचालिका प्रिंसी गुलेरिया ने मुख्य अतिथि सहित कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह का मुख्य आकर्षण आश्रम के लिए बन रहे नए भवन का निर्माण कार्य रहा। इस पुनीत कार्य में दानी सज्जनों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वेच्छा से दान राशि प्रदान की। संस्था ने दानदाताओं के इस सहयोग को बुजुर्गों की सेवा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान बताया।

नए भवन के निर्माण का उद्देश्य बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं एवं सुरक्षित, सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाना है।

कार्यक्रम में शेमफोर्ड लिटिल स्टार्स स्कूल, मंडी के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। संस्था की ओर से सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए कॉपियां, पेन तथा सांस्कृतिक सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर संस्था के चार वर्षों के सफर को याद करते हुए समाज सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। संस्था बुजुर्गों की देखभाल, सम्मान और सेवा के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर प्रयासरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा