home page

आपदा प्रबंधन: भूस्खलन संभावित हॉटस्पॉट में मशीनरी एवं ऑपरेटरों की पूर्व तैनाती सुनिश्चित करें: अपूर्व देवगन

 | 
आपदा प्रबंधन: भूस्खलन संभावित हॉटस्पॉट में मशीनरी एवं ऑपरेटरों की पूर्व तैनाती सुनिश्चित करें: अपूर्व देवगन


मंडी, 10 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अध्यक्ष अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आज यहां मानसून सीजन के दौरान संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संसाधनों के समुचित प्रबंधन एवं विभिन्न विभागों की तैयारियों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें मानसून के दौरान जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने सभी विभागों एवं हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, बिजली, पेयजल, दूरसंचार एवं परिवहन जैसी आवश्यक सेवाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने तथा वैकल्पिक मार्गों, भंडारण स्थलों एवं आपातकालीन लॉजिस्टिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।

अपूर्व देवगन ने कहा कि भूस्खलन एवं सड़क अवरोध की आशंका वाले हॉटस्पॉट में मशीनरी एवं ऑपरेटरों की पूर्व तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि मार्गों को शीघ्र बहाल किया जा सके। उन्होंने लोक निर्माण, जल शक्ति तथा विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि सड़क संपर्क, पेयजल योजनाएं एवं विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में उन्हें न्यूनतम समय में पुनः बहाल करने की पूरी तैयारी रखें।

दूरसंचार सेवाओं को सुचारू बनाए रखने पर बल देते हुए उपायुक्त ने कहा कि मोबाइल नेटवर्क प्रभावित न हों, इसके लिए दूरदराज क्षेत्रों में स्थित मोबाइल टावरों पर बिजली बाधित होने की स्थिति में पर्याप्त डीजल भंडारण पहले से सुनिश्चित किया जाए तथा संबंधित सेवा प्रदाताओं के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा जाए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए कि वर्षा अथवा आपदा के दौरान सम्पर्क कटने की स्थिति में दूरदराज क्षेत्रों में दवाइयों एवं खाद्य सामग्री का पर्याप्त भंडारण पहले से सुनिश्चित किया जाए। सभी एम्बुलेंस चालक एवं स्वास्थ्य सेवाएं हर समय सक्रिय रहें तथा जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए क्लोरीन की गोलियों सहित आवश्यक दवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा