home page

नाहन-कालाअंब मार्ग पर कार अचानक अनियंत्रित होकर मारकंडा नदी में गिरी

 | 
नाहन-कालाअंब मार्ग पर कार अचानक अनियंत्रित होकर मारकंडा नदी में गिरी


नाहन, 04 अप्रैल (हि.स.)। नाहन-कालाअंब मार्ग पर शनिवार शाम एक कार चालक की छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का सबब बन सकती थी। सड़क किनारे खड़ी एक कार अचानक अनियंत्रित होकर नीचे मारकंडा नदी में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय गाड़ी के भीतर कोई सवार नहीं था, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया।

मिली जानकारी के अनुसार कार चालक किसी निजी कंपनी में काम से गया था। उसने अपनी गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा तो किया, लेकिन जल्दबाजी में वह हैंड-ब्रेक लगाना भूल गया। ढलान होने के कारण खड़ी गाड़ी अचानक अपने आप चल पड़ी और अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी।

हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन नदी में गिरने के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अगर गाड़ी में कोई मौजूद होता तो परिणाम बेहद गंभीर हो सकते थे। पुलिस के पास इस संबंध में फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर