मंडी में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री ने किया ध्वजारोहण, मार्चपास्ट की सलामी ली
मंडी, 15 अगस्त (हि.स.)। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने मंडी में ऐतिहासिक सेरी मंच पर आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और पुलिस, गृह रक्षक वाहिनी, एनसीसी, एनएसएस और स्काऊट एंड गाइड के भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। इससे पहले उन्होंने इंदिरा मार्केट परिसर में स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से स्वतंत्रता सेनानियों को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के प्रति राष्ट्र सदैव कृतज्ञ रहेगा। जिन्होंने हमारी आजादी और खुशहाल भविष्य के लिए अपना सर्वस्व त्याग किया। उनके त्याग एवं बलिदान के फलस्वरूप देश आज प्रगति की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानियों, उनके आश्रितों, सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं।
पंचायतीराज मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रीन पंचायत कार्यक्रम शुरू किया है, जिसमें सभी पंचायतों में 500 किलोवाट की ग्राऊंड माऊंटेड सौर ऊर्जा परियोजनाएं लगाई जा रही हैं। इन परियोजनाओं से होने वाली आय का 25 प्रतिशत हिस्सा संबंधित ग्राम पंचायतों के अनाथ बच्चों और विधवाओं के कल्याण के लिए खर्च किया जाएगा।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पंचायत स्तर पर आधारभूत ढांचा सुदृढ़ करने के लिए गत साढ़े तीन सालों में सशक्त कदम उठाए गए हैं। जिला मंडी में इस दौरान 225 पंचायत भवनों व सामुदायिक केंद्रों के निर्माण पर लगभग 15 करोड़ रुपए व्यय किए गए। विकसित भारत रोजगार गारंटी एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के तहत इस वित्त वर्ष में जिला में विकास कार्यों पर 517 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

