home page

सुंदरनगर,करसोग व सरकाघाट में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

 | 
सुंदरनगर,करसोग व सरकाघाट में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह


सुंदरनगर,करसोग व सरकाघाट में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह


मंडी, 16 अगस्त (हि.स.)। मंडी जिला के संदरनगर, करसोग और सरकाघाट में उपमंडल स्तरीय 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। जवाहर पार्क सुंदरनगर में एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, करसोग में एसडीएम अलीशा चौहान और सरकाघाट में एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम ने अपने-अपने उपमंडल में राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ परेड का निरीक्षण किया। हिमाचल प्रदेश पुलिस, भूतपूर्व सैनिकों तथा सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों की 17 टुकड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत कर मुख्यातिथि को सलामी दी। इस अवसर पर एसडीएम अमर नेगी ने स्वच्छ हवा व नशामुक्त सुंदरनगर अभियान का शुभारंभ किया तथा पत्रिका का विमोचन किया। समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम अमर नेगी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर सपूतों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद करवाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने सुंदरनगर को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए सभी लोगों से सहयोग का आह्वान किया। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहने तथा नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। करसोग में एसडीएम अलीशा चौहान ने कहा कि देश की आजादी के लिए दी गई शहीदों की कुर्बानियों को कभरी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आहवान किया कि महात्मा गांधी, पंउित नेहरू, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह जैसे महान स्वतंत्रमा सेनानियों के सपनों का भारत बनाने में हम सभी अपना योगदान दें। वहीं सरकाघाट में स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि यह पावन दिवस देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं देशभक्तों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व पटल पर एक सशक्त एवं सम्मानित राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है और देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। विभिन्न क्षेत्रों में भारत नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए पूर्ण समर्पण, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजन, भूतपूर्व सैनिक, शिक्षक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा