69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने केपटाउन पहुंचे स्पीकर कुलदीप पठानिया
शिमला, 14 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए सोमवार को दक्षिण अफ्रीका की विधायी राजधानी केपटाउन पहुंच गए। उनके साथ विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा भी सचिवों के सम्मेलन में भाग लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका गए हैं।
विधानसभा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 69वां राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन 14 से 17 सितंबर तक केपटाउन में आयोजित किया जा रहा है। पठानियां इस अवधि में केपटाउन में रहेंगे।
सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष और सीपीए इंडिया के प्रमुख ओम बिरला सहित देश के 28 राज्यों के पीठासीन अधिकारी, उप पीठासीन अधिकारी और सचिव भी भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में पठानियां भारतीय प्रतिनिधि के रूप में ‘सुलभ संसद: भारत की संसद में दिव्यांगजनों की भागीदारी’ विषय पर अपना संबोधन देंगे।
विधानसभा की ओर से बताया गया कि दक्षिण अफ्रीका की तीन राजधानियां हैं और इनका अलग-अलग महत्व है। प्रिटोरिया प्रशासनिक राजधानी है, जहां राष्ट्रपति का कार्यालय और मंत्रिमंडल की बैठकें होती हैं। केपटाउन विधायी राजधानी है, जहां देश की संसद स्थित है। ब्लोमफोंटेन न्यायिक राजधानी है, जहां सर्वोच्च अपील न्यायालय स्थित है।
सम्मेलन के बाद पठानियां कई देशों के अध्ययन प्रवास पर जाएंगे। विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा सचिवों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में भारत सहित विभिन्न देशों के संसदीय प्रतिनिधि संसदीय कामकाज और उससे जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

