सोलन में 50 लोगों ने थामा कांग्रेस का दामन
सोलन, 09 मार्च (हि.स.) । जिला के अंतर्गत कंडाघाट से सम्बंधित सोलन भारतीय जनता पार्टी के मंडल उपाध्यक्ष गुरिंदर सिंह काला सहित 50 भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है । कंडाघाट क्षेत्र में भाजपा को उस समय करारा झटका लगा जब पार्टी के कद्दावर नेता और सिरिनगर ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान गुरविंदर काला ने भाजपा को अलविदा कहने का मन बना लिया ।
इन सभी लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल के सपुत्र कर्नल संजय शांडिल की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी का दामन थामा । यह बदलाव उस समय हुआ जब पंचायत चुनाव प्रदेश में होने निश्चित हो गए हैं । संजय शांडिल ने विधिवत रूप से कांग्रेस के पटके गले में डाल कर सभी कार्यकर्ताओ का कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया है ।
गुरिंदर काला ना केवल पूर्व प्रधान रहे हैं, बल्कि बघाट बैंक के मनोनीत निदेशक के रूप में भी अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं । उनकी धर्मपत्नी भी हाल ही में सिरिनगर पंचायत की प्रधान रह चुकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

