home page

होला मोहल्ला पर पांवटा साहिब में भव्य नगर कीर्तन, श्रद्धा और उत्साह का माहौल

 | 

नाहन, 02 मार्च (हि.स.)। होला मोहल्ला के पावन अवसर पर गुरु की नगरी पांवटा साहिब भक्ति और उत्साह में सराबोर रही। सुबह से ही संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। गुरबाणी की मधुर ध्वनि और जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।

पांच प्यारों की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन का शुभारंभ ऐतिहासिक गुरूद्वारा पांवटा साहिब से हुआ। नगर कीर्तन गीता भवन मंदिर, मुख्य बाजार, बाल्मीकि चौक, अग्रसेन चौक, राष्ट्रीय राजमार्ग और बद्रीपुर से होता हुआ सायंकाल पुनः गुरुद्वारा साहिब में संपन्न होगा।

पूरे शहर में जगह-जगह तोरण द्वार सजाए गए। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया तथा विभिन्न स्थानों पर लंगर और जल सेवा की व्यवस्था की गई। वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण श्रद्धा से गूंज उठा।

पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए। जगह-जगह जवान तैनात रहे और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रहा है।

पांवटा साहिब का इतिहास सिखों के दसवें गुरु् गोबिन्‍द सिंह से जुड़ा है। यह पावन भूमि सिख इतिहास की अनेक गौरवशाली घटनाओं की साक्षी रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर