सिरमौर में प्रथम चरण में 83. 41 प्रतिशत मतदान दर्ज
नाहन, 26 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण के चुनाव में 94 ग्राम पंचायतों के 588 वार्डों के लिए मंगलवार को हुए मतदान में कुल 83.41 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है, जिसमें 83.52 प्रतिशत पुरूष मतदाता तथा 83.29 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण के चुनाव में आज 01 लाख, 32 हजार, 708 मतदाताओं में से 01 लाख, 10 हजार, 695 मतदाओं ने मतदान किया है।
उन्होंने बताया कि विकास खंड नाहन की 10 पंचायतों में 85.03 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है तथा विकास खंड ददाहू की 09 पंचायतों में 86.77 प्रतिशत, विकास खंड कमरऊ स्थित तिलोरधार की 09 पंचायतों में 86.80 प्रतिशत, विकास खंड पच्छाद की 11 पंचायतों में 79.74 प्रतिशत, विकास खंड पांवटा साहिब की 17 पंचायतों में 84.34 प्रतिशत तथा विकास खंड राजगढ़ की 12 पंचायतों में 81.38 प्रतिशत, विकास खंड संगड़ाह की 13 पंचायतों की 81.90 प्रतिशत व विकास खंड शिलाई की 13 पंचायतों में 81.47 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है।
उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूर्ण हुआ है। मतदान के लिए पहली बार भाग लेने वाले युवा मतदाताओं एवं वरिष्ठ मतदाताओं, महिला मतदाताओं तथा दिव्यांगजन मतदाताओं सहित अन्य सभी मतदाताओं ने इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपना योगदान दिया। उपायुक्त ने मतदान में रूचि दिखाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में योगदान देने के लिए सभी श्रेणी के मतदाताओं का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

