सिरमौर में गेहूं खरीद शुरू, धौला कुआं व पांवटा साहिब में बने केंद्र, किसानों को 24 घंटे में भुगतान
नाहन, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिला सिरमौर जिला में गेहूं खरीद प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए दो खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं—धौला कुआं और पांवटा साहिब। प्रशासन द्वारा करीब 10000 क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) ₹2585 प्रति क्विंटल तय किया गया है।
पांवटा साहिब में एसडीएम द्विज गोयल ने आज विधिवत रूप से इस खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। मीडिया से बातचीत करते हुए एसडीएम ने आश्वस्त किया कि कृषि मंडी में किसानों के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए टोकन सिस्टम लागू किया गया है, जिससे किसानों को लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा। साथ ही, किसानों के खाते में 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि खरीद के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
यह गेहूं खरीद प्रक्रिया 8 अप्रैल से शुरू होकर 6 जून तक जारी रहेगी, जिससे जिले के किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

