home page

सिरमौर में अगस्त के लिए ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग का शेड्यूल जारी

 | 
सिरमौर में अगस्त के लिए ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग का शेड्यूल जारी


नाहन, 29 जुलाई (हि.स.)।क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने सिरमौर जिले के विभिन्न उपमंडलों में अगस्त 2026 के लिए वाहन पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सिरमौर द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, जिले में सभी टेस्टों का सुचारू संचालन करने के लिए मोटर वाहन निरीक्षक ईं. विजय चौहान को नियुक्त किया गया है। विभाग ने वाहन चालकों और स्वामियों की सुविधा के लिए समय-सारणी तय कर दी है।

जिला मुख्यालय नाहन में वाहन पासिंग की प्रक्रिया 6 और 25 अगस्त को पूरी की जाएगी, जबकि ड्राइविंग टेस्ट 7 और 24 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे। इसी तरह उपमंडल पांवटा साहिब में निजी वाहनों और स्कूल बसों की पासिंग 11 अगस्त को होगी, जबकि कमर्शियल/ट्रांसपोर्ट वाहनों की पासिंग के लिए 12 अगस्त की तिथि तय की गई है। इसके अलावा पांवटा साहिब में अन्य वाहनों की पासिंग 26 अगस्त को होगी और ड्राइविंग टेस्ट 13 व 27 अगस्त को लिए जाएंगे।

जिले के अन्य उपमंडलों में वाहन पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट दोनों प्रक्रियाएं एक ही दिन संपन्न होंगी। इसके तहत राजगढ़ में 4 अगस्त, संगड़ाह में 20 अगस्त और सराहां में 22 अगस्त को टेस्ट आयोजित होंगे। वहीं शिलाई और कफोटा में 18 अगस्त को सुबह के समय ड्राइविंग टेस्ट और दोपहर के समय वाहनों की पासिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। परिवहन विभाग ने सभी आवेदकों से निर्धारित तिथि और समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर