सिरमौर के स्कूल में शिक्षा उपनिदेशक का छापा, पढ़ाई का स्तर और सामान्य ज्ञान मिला कमजोर, इंचार्ज को कारण बताओ नोटिस
नाहन, 07 अक्टूबर (हि.स.)। नाहन शिक्षा खंड के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला ठाकुरद्वारा का बुधवार को उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सिरमौर राजीव राजीव ठाकुर ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई खामियां उजागर हुईं, जिसे लेकर अध्यापकों की खूब क्लास लगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, सामान्य ज्ञान, साफ-सफाई, पुस्तकालय और पीएम पोषण योजना के तहत तैयार किए जा रहे भोजन सहित स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
स्कूल परिसर और शौचालय में साफ-सफाई की व्यवस्था अच्छी पाई गई, लेकिन बच्चों का शैक्षणिक स्तर अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिला। निरीक्षण के दौरान बच्चों के सामान्य ज्ञान का भी परीक्षण किया गया। इसमें छात्रों का सामान्य ज्ञान स्तर बहुत निम्न पाया गया।
उपनिदेशक ने पुस्तकालय में रखी पुस्तकों के आवंटन की भी जांच की। निरीक्षण में पाया गया कि विद्यार्थियों को पुस्तकालय की किताबों का सही तरीके से आवंटन नहीं किया जा रहा है। इस कमी को दूर करने के निर्देश देते हुए अध्यापकों से बच्चों को पुस्तकालय की किताबें पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया। अध्यापकों को बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के निर्देश दिए गए हैं। सामान्य ज्ञान में सुधार के लिए अध्यापकों को एक महीने का समय दिया गया है, ताकि बच्चों के ज्ञान के स्तर में अपेक्षित सुधार हो सके।
उपनिदेशक ने पुस्तकालय में रखी पुस्तकों के आवंटन की भी जांच की। निरीक्षण में पाया गया कि विद्यार्थियों को पुस्तकालय की किताबों का सही तरीके से आवंटन नहीं किया जा रहा है। इस कमी को दूर करने के निर्देश देते हुए अध्यापकों से बच्चों को पुस्तकालय की किताबें पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया।
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए पाठशाला के प्रभारी अध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही अध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय में बच्चों के शैक्षणिक और सामान्य ज्ञान के स्तर में सुधार सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि संबंधित केंद्रीय मुख्य शिक्षक को भी फोन के माध्यम से निर्देशित किया कि वह यहां पर सोमवार को आकर पूरा दिन पाठशाला का नियमित निरीक्षण करें एवं आवश्यक दिशा निर्देश दें, ताकि पाठशाला में जो कमियां हैं उनको ठीक किया जा सके और बच्चों की पढ़ाई में सुधार लाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

