home page

शहीदों की वीरता और सर्वोच्च बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता : उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान

 | 
शहीदों की वीरता और सर्वोच्च बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता : उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान


नाहन, 26 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पांवटा साहिब स्थित शहीद स्मारक पर देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों, पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों तथा गणमान्य नागरिकों ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके उपरांत भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब एवं शिलाई क्षेत्र द्वारा किसान भवन, पांवटा साहिब में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान वीरनारियों तथा शहीद सैनिकों के परिजनों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

उद्योग मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय सैनिक हमारे राष्ट्र का गौरव हैं। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान का परिचय दिया है। उनके त्याग और समर्पण के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

उद्योग मंत्री ने कहा कि हमारे प्रदेश को वीर भूमि के नाम से भी जाना जाता है, जब भी देश को आवश्यकता हुई है, हिमाचल के वीर सपूतों ने सदैव अभूतपूर्व शौर्य का परिचय दिया है और यहाँ तक कि अपने प्राणों की आहुति देने से पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें उन वीर सपूतों के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की याद दिलाता है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी दुश्मनों को परास्त कर देश का मस्तक गर्व से ऊंचा किया।उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एवं समाज का दायित्व है कि वीरनारियों और शहीद परिवारों का सम्मान करते हुए उनके कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया जाए। उन्होंने युवाओं से देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि शहीदों के आदर्श नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया जिसमें गाँव डोईवाला के कुलविंद्र सिंह की वीरनारी, गाँव हलांह के शहीद कल्याण सिंह की वीरनारी, गाँव राजपुर के शहीद समीर कुमार की वीरमाता, गाँव कोटड़ी व्यास के शहीद कमलकांत के वीर परिवारजन, गाँव सुरजपुर के शहीद शेर सिंह की वीरनारी, गाँव कोलर के शहीद विरेंद्र सिंह की वीरनारी, गाँव मानपुर देवड़ा के शहीद सोहन सिंह की वीरनारी, गाँव शखोली के शहीद भरतसिंह के वीर माता-पिता, गाँव शिलाई के शहीद प्रमोद नेगी के वीर माता-पिता, गांव भरली के शहीद आषीश सिंह के वीर माता-पिता शामिल रहे।

उद्योग मंत्री ने भूतपूर्व सैनिक संगठन की माँग पर शहीद स्मारक से ट्रांसफॉर्मर हटाने तथा सैनिक विश्राम गृह को लिज से हटाने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के लिए नगर परिषद टैक्स माफ़ करने अथवा कम करने की माँग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। उद्योग मंत्री ने अपनी ऐच्छिक निधि से भूतपूर्व सैनिक संगठन को 2 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर