वर्ल्ड यूथ पार्लियामेंट में चंबा की अदिति बनीं ‘बेस्ट स्पीकर’, हिमाचल का बढ़ाया मान
नाहन, 31 मार्च (हि.स.)। चंबा जिले की छात्रा अदिति ने वर्ल्ड यूथ पार्लियामेंट 2026 में “हेल्थ एंड वैलनेस” विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति देकर ‘बेस्ट स्पीकर’ का प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया है। यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम 24 से 26 मार्च तक कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय बंगलुरू (कर्नाटक) में आयोजित किया गया था। अदिति राजकीय महाविद्यालय चंबा की छात्रा हैं और उनकी इस उपलब्धि से हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ देश का नाम भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन हुआ है।
इस कार्यक्रम का आयोजन मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स के सहयोग से किया गया, जिसमें 30 देशों और भारत के विभिन्न राज्यों से चयनित प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रत्येक राज्य से तीन पुरुष और तीन महिला प्रतिभागियों का चयन किया गया था। आयोजन के दौरान हेल्थ एंड वैलनेस, यूथ इन डेमोक्रेसी, पीस एंड सिक्योरिटी, साइबर क्राइम तथा एग्रीकल्चर एंड सस्टेनेबिलिटी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। इसके साथ ही प्रतिभागियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की सदन कार्यवाही में अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों से चयनित छह एनएसएस स्वयंसेवियों दीपक शर्मा (नाहन), अदिति (चंबा), अंजली (कुल्लू), चंद्रिका (घुमारवीं), जितेंद्र (हमीरपुर) और सुशांत (सरस्वती नगर) ने इस कार्यक्रम में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। हिमाचल प्रदेश टीम का नेतृत्व जिला समन्वयक सिरमौर एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पंकज चांडक ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

