नाहन संस्कृत महाविद्यालय के छात्रावास में फर्नीचर की मांग, एबीवीपी ने सांसद सुरेश कश्यप को सौंपा ज्ञापन
नाहन, 22 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद संस्कृत महाविद्यालय नाहन इकाई ने शनिवार को गोरक्षनाथ संस्कृत महाविद्यालय के छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर सांसद सुरेश कश्यप से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि महाविद्यालय के छात्रावास में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने के लिए रहते हैं। छात्रावास विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन वर्तमान में वहां पर्याप्त फर्नीचर की सुविधा न होने के कारण विद्यार्थियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में परिषद ने कहा कि विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। छात्रावास में पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई और दैनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हो सकेगा।
इस पर सांसद सुरेश कश्यप ने मांग को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि छात्रावास में फर्नीचर उपलब्ध करवाने के लिए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

