नाहन विधानसभा क्षेत्र को मिली कई सड़कों की फारेस्ट क्लीरेंस सड़कों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त : अजय सोलंकी
नाहन, 09 मार्च (हि.स.)। विधायक अजय सोलंकी ने बतायाकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के कार्यकाल में नाहन विधानसभा क्षेत्र को ऐतिहासिक स्तर पर फॉरेस्ट क्लियरेंस प्राप्त हुई हैं, जिससे क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है और विकास कार्यों को तेजी मिली है। इसी क्रम में कौलावाला भूड़ पंचायत के अंतर्गत गुलरिया धांग से नैरो कोटड़ी (KM 0/0 से 4/935) लिंक रोड के निर्माण के लिए 2.355 हेक्टेयर वन भूमि की FCA फॉरेस्ट क्लियरेंस प्राप्त हो गई है। इस महत्वपूर्ण सड़क की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। सड़क निर्माण से कौलावाला भूड़ पंचायत के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने त्रिलोकपुर में उप-तहसील के साथ 2 कानूनगो सर्किल और 5 पटवार सर्किल स्थापित करने तथा धौलाकुआं में कृषि कॉलेज खोलने की घोषणा भी की, जिससे क्षेत्र के किसानों, युवाओं और आम जनता को बड़ा लाभ मिलेगा। नाहन विधानसभा क्षेत्र की जनता की भावनाओं और जरूरतों को समझते हुए विकास के कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। इन घोषणाओं से सड़क, सिंचाई, प्रशासनिक सुविधाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

