नाहन में 24 से 26 अक्टूबर तक मनाई जाएगी महर्षि वाल्मीकि जयंती, निकलेगी भव्य शोभायात्रा
नाहन, 22 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर के नाहन में महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में 24 से 26 अक्टूबर तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आकर्षक झांकियां और बैंड मुख्य आकर्षण रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर वाल्मीकि सभा ने तैयारियां पूरी करने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया है।
वीरवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में वाल्मीकि सभा के प्रधान विजय चोरिया ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 24 अक्टूबर को शाम साढ़े छह बजे उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ज्योति प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। वहीं, 25 अक्टूबर को नाहन के विधायक अजय सोलंकी शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। शोभायात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियां और बैंड लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस के अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल हवन-यज्ञ में भाग लेंगे। इसके पश्चात वह भंडारे का शुभारंभ करेंगे। इसी दिन शाम को लोक जन शक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
विजय चोरिया ने शहरवासियों सहित समस्त क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के जीवन और उनकी शिक्षाओं से समाज को सदैव प्रेरणा मिलती है। ऐसे आयोजनों से धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे को भी बढ़ावा मिलता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

