नाहन में वन कर्मचारियों का अधिवेशन, खाली पदों और पदोन्नति में देरी का मुद्दा उठा
नाहन, 27 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश वन विभाग के नाहन सर्कल के वन कर्मचारियों ने लंबित मांगों और विभागीय समस्याओं को लेकर रविवार को जिला परिषद हॉल नाहन में अधिवेशन किया। सिरमौर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों वन कर्मचारियों ने इसमें हिस्सा लिया। अधिवेशन में वन रक्षकों के खाली पदों, कर्मचारियों पर बढ़ते कार्यभार और पदोन्नति में हो रही देरी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिवेशन के दौरान नाहन वन सर्कल कर्मचारी संघ के चुनाव भी सर्वसम्मति से हुए। इसमें अनवर चौहान को सर्वसम्मति से संघ का अध्यक्ष चुना गया। नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि अधिवेशन में वन कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को जल्द सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।
अनवर चौहान ने कहा कि नाहन सर्कल सहित पूरे प्रदेश में वन रक्षकों के सैकड़ों पद खाली चल रहे हैं। इन पदों के रिक्त रहने से मौजूदा फील्ड स्टाफ पर काम का बोझ बढ़ रहा है। वन कर्मचारी विभाग के फील्ड स्तर के काम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते हैं और कर्मचारियों की कमी का असर उनके कार्यभार पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वन कर्मचारियों की एक अन्य प्रमुख मांग समय पर पदोन्नति से जुड़ी है। कर्मचारियों का कहना है कि फील्ड में वर्षों तक सेवाएं देने के बाद भी उन्हें समय पर पदोन्नति नहीं मिल रही है। अधिवेशन में इस मुद्दे पर भी कर्मचारियों ने अपनी बात रखी और सरकार के समक्ष इसे प्रमुखता से उठाने की बात कही।
जिला स्तरीय अधिवेशन में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता भी दिखाई। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वन कर्मचारियों की जायज मांगों पर सरकार और वन विभाग के उच्च अधिकारियों से जल्द सकारात्मक कदम उठाने की उम्मीद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी आगे भी अपनी आवाज उठाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

