नाहन के इंडोर स्टेडियम में एचपीयू अंतर-महाविद्यालय बैडमिंटन पुरुष चैंपियनशिप शुरू
नाहन, 20 नवंबर (हि.स.)। डॉ यशवंत सिंह परमार राजकीय महाविद्यालय नाहन में आयोजित,( हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के तहत अंतर-महाविद्यालय बैडमिंटन पुरुष चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ चंबा मैदान नाहन स्थित इंडोर स्टेडियम में हुआ। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के डीन ऑफ स्टडीज प्रो. बी.के. शिवराम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
प्रतियोगिता में प्रदेश के 25 महाविद्यालयों के लगभग 130 बैडमिंटन खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिल रहा है।
मुख्य अतिथि प्रो. बी.के. शिवराम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं, विशिष्ट अतिथि श्रीमती रमा शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

