home page

डीसी ने किया लाइब्रेरी, रैडक्रॉस लैब, मेडिकल कालेज और नशा निवारण केंद्र का निरीक्षण

 | 
डीसी ने किया लाइब्रेरी, रैडक्रॉस लैब, मेडिकल कालेज और नशा निवारण केंद्र का निरीक्षण


हमीरपुर, 15 मई (हि.स.)। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने शुक्रवार दोपहर बाद यहां जिला मुख्यालय में विभिन्न संस्थानों के परिसरों और मुख्य बाजार का निरीक्षण करके विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ एडीसी अभिषेक गर्ग भी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने सर्वप्रथम जिला पुस्तकालय का निरीक्षण करके वहां युवाओं के लिए उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि इस परिसर मंे आम पाठकों और विशेषकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इस दौरान उन्होंने कई विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया।

स्कूल शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती और विभाग के अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त को पुस्तकालय में प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी।

इसके बाद कड़ी धूप में भी उपायुक्त मुख्य बाजार से पैदल ही जिला आयुर्वेदिक अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने जिला आयुर्वेदिक अस्पताल के पुराने भवन के परिसर के सदुपयोग और इसके आस-पास पार्किंग इत्यादि की संभावनाओं के बारे में अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने मेडिकल कालेज अस्पताल के परिसर में संचालित की जा रही जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की लैब में विभिन्न सुविधाओं का भी अवलोकन किया।

उन्होंने रैडक्रॉस सोसाइटी के सचिव और अन्य अधिकारियों को अस्पताल परिसर के गेट पर रैडक्रॉस लैब में होने वाले टैस्टों तथा इनकी दरें प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस लैब का लाभ उठा सकें तथा रैडक्रॉस सोसाइटी की आय में भी बढ़ोतरी हो सके।

उपायुक्त ने मेडिकल कालेज अस्पताल परिसर में ही रैडक्रॉस सोसाइटी की एंबुलैंस के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के निर्देश भी दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा