home page

चुनाव से पहले 5 लाख नौकरियों का वादा, अब युवाओं के हाथ में लॉटरी का टिकट थमाने की तैयारी : अनुराग ठाकुर

 | 
चुनाव से पहले 5 लाख नौकरियों का वादा, अब युवाओं के हाथ में लॉटरी का टिकट थमाने की तैयारी : अनुराग ठाकुर


हमीरपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित लॉटरी टेंडर को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने काँग्रेस सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए इसे प्रदेश के युवाओं के भविष्य के लिए चिंताजनक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराने के वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने के बजाय सरकार ऐसी व्यवस्था लाने की तैयारी कर रही है, जो युवाओं को आसान पैसे और जुए की प्रवृत्ति की ओर आकर्षित कर सकती है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने वीरवार को एक बयान में कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने चुनाव से पहले हिमाचल के युवाओं को पांच लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था। आज युवाओं को रोजगार के अवसर, निवेश और सुरक्षित भविष्य की आवश्यकता है, लेकिन सरकार की प्राथमिकताएं इसके विपरीत दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार देने के बजाय युवाओं के हाथ में लॉटरी का टिकट थमाना प्रदेश के भविष्य के साथ न्याय नहीं है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हिमाचल की भोली-भाली जनता से चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए थे। कांग्रेस सरकार को अब उन वादों का हिसाब देना चाहिए और बताना चाहिए कि पांच लाख नौकरियों का वादा पूरा करने की दिशा में क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि लॉटरी को लेकर हिमाचल प्रदेश में पहले भी राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर व्यापक सहमति रही है। तत्कालीन धूमल और वीरभद्र सरकारों ने भी ऐसी व्यवस्था को आगे नहीं बढ़ने दिया था। जब अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं की सरकारें भी इस विषय पर प्रदेश के सामाजिक हितों को प्राथमिकता देती रही हैं, तो वर्तमान सुक्खू सरकार आखिर लॉटरी व्यवस्था को फिर से लाने की कोशिश क्यों कर रही है, यह सवाल प्रदेश की जनता पूछ रही है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे शांतिपूर्ण प्रदेश में युवाओं को रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है, न कि उन्हें लॉटरी और जुए के आकर्षण की ओर ले जाने की। सरकार को अपनी प्राथमिकताओं पर पुनर्विचार करना चाहिए और प्रदेश के युवाओं के हित में लॉटरी टेंडर को तत्काल वापस लेना चाहिए।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि सरकार ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच जाएगी और सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा