home page

चंडीगढ़ पुलिस के आरक्षी ने पीजीआई  में प्लेटलेट्स दान कर 5 साल के बच्चे को दिया जीवनदान

 | 
चंडीगढ़ पुलिस के आरक्षी ने पीजीआई  में प्लेटलेट्स दान कर 5 साल के बच्चे को दिया जीवनदान


नाहन, 05 जुलाई (हि.स.)। मानवता की मिसाल पेश करते हुए चंडीगढ़ पुलिस के एक आरक्षी ने प्लेटलेट्स दान कर तहसील ददाहू के 5 वर्षीय बच्चे की जान बचाई। ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर की सूचना पर उन्होंने बिना समय गंवाए पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचकर प्लेटलेट्स डोनेट किए।

सोसाइटी को शनिवार रात सूचना मिली थी कि तहसील ददाहू के गांव गानु महीपुर निवासी 5 साल का बच्चा विस्कोट-एल्ड्रिच सिंड्रोम से पीड़ित है। इस बीमारी में शरीर में ब्लड सेल नहीं बन पाते। बच्चे का बोन मैरो ट्रांसप्लांट हो चुका है, लेकिन रिकवरी के लिए उसे प्लेटलेट्स की सख्त जरूरत थी। बच्चा चंडीगढ़ में उपचाराधीन था।

जैसे ही सूचना सोसाइटी के सदस्यों तक पहुंचा, नाहन निवासी और चंडीगढ़ पुलिस में तैनात आरक्षी रमन सोढ़ी से संपर्क किया गया। रमन सोढ़ी ने एक पल की देरी किए बिना अपने साथी आरक्षी सतिंदर को साथ लिया और सीधे पीजीआई पहुंच गए। दोनों ने प्लेटलेट्स डोनेट कर बच्चे को नई जिंदगी दी।

खास बात ये रही कि रमन सोढ़ी के लिए ये 35वीं बार रक्तदान था। इससे पहले भी वो कई बार जरूरतमंदों की मदद कर चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर