home page

ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : हर्षवर्धन चौहान

 | 
ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : हर्षवर्धन चौहान


नाहन, 30 अगस्त (हि.स.)।

उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान रविवार को शिलाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टिटयाना में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

जनसभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई दिशा देने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क संपर्क, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल उपलब्धता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि इन महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है और अधिकांश परियोजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आने वाले समय में व्यापक लाभ मिलेगा।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से शिलाई में 100 बिस्तरों वाले आधुनिक नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण तेजी से चल रहा है, निर्माण पूरा होते ही इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी जनसमस्याओं और विकास संबंधी सुझावों पर चर्चा की। इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं, सड़क, पेयजल, विद्युत तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं तथा मांगें उनके समक्ष रखीं।उद्योग मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मांग और समस्या का गंभीरता से परीक्षण कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के दिशा निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर