home page

कृषि विश्वविद्यालय के पशुचिकित्सा वैज्ञानिक को राष्ट्रीय वेट उत्कृष्टता पुरस्कार

 | 
कृषि विश्वविद्यालय के पशुचिकित्सा वैज्ञानिक को राष्ट्रीय वेट उत्कृष्टता पुरस्कार


धर्मशाला, 07 मार्च (हि.स.)। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के डॉ. जी.सी. नेगी पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय में शल्य चिकित्सा के प्रोफेसर तथा टीचिंग वेटरिनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष डॉ. आदर्श कुमार को “पीएलआरसी राष्ट्रीय वेट उत्कृष्टता पुरस्कार–2026” से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार पीएडब्ल्यूएस लर्निंग एंड रिसर्च काउंसिल, भारत द्वारा पशुचिकित्सा विज्ञान और पशु कल्याण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, समर्पण तथा संवेदनशील सेवा के लिए प्रदान किया गया है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक कुमार पांडा ने डॉ. आदर्श कुमार को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार पशुचिकित्सा शिक्षा और क्लीनिकल प्रैक्टिस को आगे बढ़ाने के लिए उनके अथक समर्पण का प्रमाण है, विशेषकर पशु दंत चिकित्सा के विशिष्ट क्षेत्र में। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है और देश भर के युवा पशु चिकित्सकों, शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को पशु स्वास्थ्य सेवा, अनुसंधान और नवाचार में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।

डॉ. आदर्श कुमार को विशेष रूप से क्लीनिकल शिक्षण, अनुसंधान तथा संस्थागत विकास में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सराहा गया है, साथ ही पशु दंत चिकित्सा (वेटरिनरी डेंटिस्ट्री) के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को भी मान्यता दी गई है। चयन समिति ने उन्नत एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर, डायग्नोस्टिक इमेजिंग, सॉफ्ट टिश्यू सर्जरी तथा पशु दंत चिकित्सा में उनकी विशेषज्ञता की सराहना की। इसके अतिरिक्त वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर वक्ता और शिक्षक के रूप में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया