कफोटा में 30 महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित
नाहन, 04 जुलाई (हि.स.)। उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान शनिवार को कफोटा में आयोजित सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने क्षेत्र की 30 महिलाओं को सिलाई मशीनें व टेबल वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने लाभार्थियों से आह्वान किया कि वे उपलब्ध कराए गए संसाधनों का सदुपयोग करते हुए स्वरोजगार अपनाएं तथा अपनी आजीविका को सुदृढ़ बनाएं।
उद्योग मंत्री ने सिंगर इंडिया लिमिटेड तथा स्किल लैबस रिसोर्स सर्विस के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीनें व टेबल उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर के कफोटा में इस पहल का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह पहल केवल उपकरण उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थायी आजीविका के विकास को सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण, व्यवस्थित कौशल मूल्यांकन तथा औपचारिक प्रमाणन की सुविधा भी प्रदान करती है। जिसके मद्देनज़र 04 से 06 जुलाई तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। इससे लाभार्थियों को अपने कौशल का विकास करने, स्वरोजगार के अवसर प्राप्त करने तथा दीर्घकालिक रूप से आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी। उद्योग मंत्री ने कहा कि अभी यह सुविधा 30 महिलाओं को उपलब्ध करवाई गई है भविष्य में अन्य महिलाओं को भी इसमें जोड़ा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

