एसएमसी शिक्षकों के लिए 28 मार्च से शुरू होगा दस्तावेजों का सत्यापन
नाहन, 26 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित एलडीआर परीक्षा में भाग लेने वाले एसएमसी शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। जिला सिरमौर के शिक्षा विभाग ने टीजीटी संस्कृत, हिंदी और ड्राइंग मास्टर के पदों हेतु दस्तावेज़ सत्यापन का कार्यक्रम घोषित कर दिया है । यह प्रक्रिया 28 और 30 मार्च को उप निदेशक स्कूल शिक्षा (प्राथमिक) कार्यालय नाहन में आयोजित की जाएगी ।
उप निदेशक राजीव ठाकुर ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को आयोजित एलडीआर परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का मिलान जिला स्तरीय चयन समिति के समक्ष किया जाएगा । निर्धारित शेड्यूल के तहत टीजीटी संस्कृत और ड्राइंग मास्टर के अभ्यर्थियों को 28 मार्च को सुबह 10 बजे उपस्थित होना होगा । वहीं, टीजीटी हिंदी के पदों के लिए दस्तावेज़ों का सत्यापन 30 मार्च को सुबह 10 बजे से शुरू होगा
अभ्यर्थियों को मैट्रिक, जमा दो , स्नातक व स्नातकोत्तर की अंकतालिकाएं, बीएड और टेट प्रमाण पत्र के साथ-साथ एसएमसी नियुक्ति आदेश और अनुभव प्रमाण पत्र लाना होगा । इसके अलावा हिमाचली बोनाफाइड, चरित्र प्रमाण पत्र और एलडीआर परीक्षा का स्कोर कार्ड भी प्रस्तुत करना अनिवार्य है ।
विभाग ने कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा है कि इस संबंध में किसी भी अभ्यर्थी को अलग से कोई व्यक्तिगत पत्र या सूचना नहीं भेजी जाएगी । यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित समय और तिथि पर अनुपस्थित रहता है या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रहता है, तो उसे चयन प्रक्रिया से बाहर कर अपात्र मान लिया जाएगा । इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अभ्यर्थी की होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

