इलैक्ट्रोहोम्योपैथी को मान्यता देने की मांग, सांसद राजीव भारद्वाज को सौंपा ज्ञापन
धर्मशाला, 11 जुलाई (हि.स.)।इलैक्ट्रोहोम्योपैथिक चिकित्सक संघ ने शनिवार को चंबा-कांगड़ा लोकसभा सांसद डॉ राजीव भारद्वाज को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ रवि कुमार रबिसन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में इलैक्ट्रोहोम्योपैथी चिकित्सा पद्धति को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मान्यता प्रदान करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाने की मांग की गई ही।
संघ जे अध्यक्ष ने बताया कि भारत सरकार द्वारा गठित समिति की सिफारिशों को जल्द लागू किया जाए ताकि देश में प्राइवेट प्रैक्टिस करने वाले लाखों चिकित्सकों को राहत मिले। इस पर डॉ राजीव भारद्वाज ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इलैक्ट्रोहोम्योपैथी एक हर्बल औषधि विज्ञान है जो कई दशकों से लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान कर रहा है ।
उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि इस बारे में वह व्यक्तिगत तौर पर प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा करेंगे और जल्द ही इस विषय पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि भारत में आयुर्वेद से संबंधित विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विकास और विस्तार के लिए भारत सरकार बचनबद्ध है। इस अवसर पर राज्य संयोजक सुरेंद्र ठाकुर, महामंत्री सत्य प्रकाश, सचिव प्रवीण कौंडल और हेडा सलाहकार समिति के समन्वयक डॉ उत्तम आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

