हिसार : हाईकोर्ट के आदेशानुसार कच्चे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पक्का करे सरकार : रामफल शिकारपुर
हिसार, 07 मई (हि.स.)। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित
हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन की पशुपालन विभाग शाखा की गेट
मीटिंग विभाग के सेक्टर 3 में हुई। गेट मीटिंग की अध्यक्षता मनीराम ने की जबकि जिला
सचिव दीपक खत्री ने संचालन किया।
गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए यूनियन के राज्य
उपप्रधान एवं पूर्व जिला प्रधान रामफल शिकारपुर व जिला प्रधान छबीलदास मोलिया ने गुरुवार काे बताया
प्रदेश भर में विभिन्न विभागों में लाखों कर्मचारी डेली वेज, पार्ट टाइम, आउटसोर्स
में 15-20 वर्षों से कार्यरत हैं। जो आज भी नाममात्र वेतन पर कार्य कर रहे हैं। यूनियन
लगातार इनको पक्का करने की मांग को लेकर संघर्षरत है, परंतु प्रदेश सरकार की नियमित
करने की कोई मंशा नहीं है।
उन्होंने बताया कि 23 व 31 दिसंबर 2025 को हाईकोर्ट
ने भी ऐतिहासिक निर्णय दिया है जिसमें 1993,1996, 2003 व 2011 की पॉलिसी अनुसार कच्चे
कर्मचारियों को पक्का करने का निर्णय सुनाते हुए कहा है कि जिन कर्मचारियों को 10 वर्ष
हो गए है उनको भी पक्का किया जाए व जिन विभागों में स्वीकृत पद नहीं है उनमें प्रदेश
सरकार पद सृजित करने का काम करे। उन्होंने बताया कि सरकार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं
है जिसको लेकर कच्चे कर्मचारियों में काफी रोष है।
इसको लेकर 17 मई को कर्मचारी भवन,
रोहतक में कच्चे कर्मचारियों की कन्वेंशन की जाएगी, जिसमें सभी विभागों से बड़ी संख्या
में कर्मचारी शामिल होंगे। कन्वेंशन में आगामी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने
कहा कि सरकार को हाई कोर्ट के निर्णयानुसार सभी चतुर्थ श्रेणी कच्चे कर्मचारियों को
पक्का करना चाहिए। गेट मीटिंग को रमेश देग, सतबीर, रमेश, सुनीता व वीना आदि ने भी संबोधित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

