हिसार : संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रियता से काम करें कार्यकर्ता : जवाहर सैनी
भाजपा ने की महत्वपूर्ण बैठक, प्रदेश अध्यक्ष के आगमन की तैयारियों की समीक्षा
हिसार, 23 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला हिसार की महत्वपूर्ण संगठनात्मक
बैठक जिला कार्यालय में हुई। जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक
का शुभारंभ भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं महान राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद
मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के जिला प्रभारी जवाहर सैनी उपस्थित
रहे। उन्होंने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी
संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विशेष
रूप से 26 जून को भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के हिसार आगमन को
लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की तथा सभी कार्यकर्ताओं से भव्य एवं ऐतिहासिक
स्वागत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि भारतीय जनता
पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण, अनुशासन और अथक परिश्रम के बल पर निरंतर मजबूत हो रही
है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता
के स्वागत कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा आगामी संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों
को सफल बनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर हिसार के मेयर प्रवीण पोपली, पूर्व मंत्री अनूप धानक सहित भाजपा
के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन को शक्त बनाने
का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के हिसार आगमन पर
आने वाले स्वागत समारोह को ऐतिहासिक बनाने की बात कही।
जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि बैठक में बैठक में संगठन
विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा जनसंपर्क अभियान बारे भी
विस्तृत चर्चा की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

