home page

हिसार बार एसोसिएशन ने पुलिस कार्रवाई की निंदा की, जांच की मांग

 | 
हिसार बार एसोसिएशन ने पुलिस कार्रवाई की निंदा की, जांच की मांग


पुलिस कार्रवाई के विरोध में हिसार बार का कार्य स्थगित

हिसार, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिला बार एसोसिएशन हिसार ने पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए सोमवार को वर्क संस्पेंड कर दिया। इससे पहले बार के सदस्य एडवोकेट तरूण गोयल के अनुरोध पर जनरल हाउस की बैठक बुलाई गई। बैठक में एडवोकेट तरुण गोयल ने बताया कि बीते शुक्रवार को तड़के चार बजे 25 से 30 पुलिस वाले उनके घर में घुसे और जब उनसे इसका कारण पूछा तो पुलिस उनको जबरदस्ती घसीटकर गाड़ी में डालकर ले गई। जब उनकी पत्नी व बेटियों ने कारण पूछा तो पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें गंदी गालियां दी और अभद्र व्यवहार भी किया। बैठक में बार के सदस्यों ने पुलिस के इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए अपने विचार रखे। सबके विचार सुनने के बाद बार जनरल हाउस हिसार द्वारा लिए फैसले के अनुसार हिसार बार के अधिवक्ताओं ने सोमवार का कार्य स्थगित (वर्क सस्पेंड) रखा। बार एसोसिएशन ने पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए संबंधित मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल एसपी से भी मिला, जिन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि कोई पुलिस अधिकारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर