हिसार पहुंची रोडवेज की जांच कमेटी, शिकायतों व आरोपों की जांच शुरू
कमेटी ने की विभिन्न पक्षों से बातचीत, शिकायतों
की जानकारी ली
सांझा संघर्ष समिति के बैनर तले कर्मचारियों का
धरना जारी
हिसार, 11 जून (हि.स.)। राज्य परिवहन के हिसार
डिपो में कर्मचारियों की सांझा संघर्ष समिति की ओर से की गई शिकायतों की जांच के लिए
विभाग की कमेटी गुरुवार को यहां पहुंची और जांच पड़ताल की। कमेटी ने शिकायत के विभिन्न
पहलुओं की जांच की और अधिकारियों से बातचीत की।
विभाग के संयुक्त निदेशक राजेश पूनिया ने पिछले
दिनों डिपो महाप्रबंधक के घेराव के दौरान यहां पहुंचकर कर्मचारियों को आश्वासन दिया
था कि कमेटी बनाकर उनके आरोपों व शिकायतों की जांच करवाई जाएगी।
संयुक्त निदेशक राजेश
पूनिया के निर्देशानुसार कमेटी के सदस्य हिसार डिपो में पहुंचे। कमेटी ने सांझा संघर्ष
समिति की शिकायतों पर जांच पड़ताल करते संबंधितों से बातचीत करके जानकारी ली ताकि जांच
की जा सके।
सांझा संघर्ष समिति ने उम्मीद जताई है कि लंबित मांगों एवं उनसे जुड़े मामलों
की निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यात्मक जांच की जाएगी तथा कर्मचारियों को न्याय मिलेगा।
उधर, सांझा संघर्ष समिति के आह्वान पर कर्मचारियों
का धरना 28वें दिन भी जारी रहा।
धरने की अध्यक्षता अजय दुहन ने की, जबकि मंच संचालन
संदीप सैनी ने किया। समिति के नेताओं ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की जायज मांगों
का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। सांझा संघर्ष समिति ने डिपो के सभी कर्मचारियों
से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि जल्द ही समिति की बैठक आयोजित कर आंदोलन की
आगामी रणनीति तय की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

