home page

हिसार :नकली पुलिस कर्मी ने पांच लाख के बदले 15 का लालच देकर चार लाख ठगे

 | 
हिसार :नकली पुलिस कर्मी ने पांच लाख के बदले 15 का लालच देकर चार लाख ठगे


फर्जी पुलिस वर्दी और नकली नंबर प्लेट वाली अर्टिगा कार से दिया था वारदात

को अंजाम

मुख्य आरोपी आजाद सिंह को जेल भेजा

हिसार, 25 नवंबर (हि.स.)। पांच लाख रुपये के बदले 15 लाख रुपये देने का लालच

देकर चार लाख रुपये की ठगी करने वाले नकली पुलिसकर्मियों के गिरोह के मुख्य आरोपी को

उकलाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने ठगी की रकम हड़पने के लिए बाकायदा

नकली पुलिसकर्मियों का स्वांग रचा था। वारदात में खाकी वर्दी, फर्जी नंबर प्लेट लगी

अर्टिगा कार और अन्य सामान का इस्तेमाल किया गया था। गिरफ्तार मुख्य आरोपी हसनगढ़ निवासी

आजाद सिंह को पुलिस ने पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया

गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी आजाद सिंह के कब्जे से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद

हुआ है। मामले के अनुसार भिवानी के विद्यानगर निवासी साहिल ने उकलाना थाना में शिकायत

देकर बताया था कि करीब सात-आठ महीने पहले आजाद सिंह ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए उससे

संपर्क किया था। आरोपी ने पांच लाख रुपये के बदले 15 लाख रुपये देने का लालच दिया।

इसके बाद 20 अगस्त 2026 को उसे बरवाला में लितानी मोड़ होते हुए प्रभुवाला रोड पर बुलाया

गया। वहां बाइक सवार दो युवकों ने बैग से चार लाख रुपये निकालकर दूसरे बैग में रख लिए।

इसी दौरान स्लेटी रंग की अर्टिगा कार मौके पर पहुंची। कार में सवार कुछ युवक खाकी पुलिस

वर्दी में थे, जबकि एक व्यक्ति सिविल ड्रेस में खुद को सीआईए स्टाफ का कर्मचारी बता

रहा था। इस तरह नकली पुलिसकर्मी बनकर आरोपियों ने ठगी की रकम पर कब्जा करने की कोशिश

की। हालांकि शिकायतकर्ता और उसके साथियों की मदद से रोबिन, सिकंदर और नरेश कुमार को

मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि राहुल और बलजीत सिंह फरार हो गए थे।

पुलिस ने मामले में पहले ही वारदात में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार बरामद कर

ली थी। कार पर फर्जी नंबर प्लेट एचआर 10 एएल 1899 लगी हुई थी, जबकि अंदर से उसकी असली

नंबर प्लेट एचआर 32 पी 7190 मिली। इसके अलावा पुलिस की वर्दियां और अन्य साजो-सामान,

बिना नंबर प्लेट की टीवीएस रेडर मोटरसाइकिल, फटा हुआ बैग तथा आरोपियों के भागते समय

सड़क पर फेंकी गई रकम में से 40 हजार रुपये बरामद किए जा चुके हैं।

मुख्य आरोपी आजाद सिंह से पूछताछ के दौरान पुलिस ने ओप्पो कंपनी का मोबाइल

फोन बरामद किया। आरोपी ने वारदात की योजना बनाने के स्थान, नकली पुलिस वर्दी खरीदने

के ठिकाने और वारदात में इस्तेमाल की गई मोबाइल सिम को तोड़कर घर के कूड़ेदान में फेंकने

की जगह की भी निशानदेही करवाई। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और फरार आरोपियों

की भूमिका की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर