हिसार : घोड़ा फार्म रोड पर रेलवे लाइन के पास मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच की मांग
हिसार, 07 मार्च (हि.स.)। शहर के घोड़ा फार्म
रोड पर रेलवे लाइन के पास 21 वर्षीय युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान विद्यानगर निवासी
साहिल के रूप में हुई है, जो एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था। परिजनों का कहना
है कि युवक के शरीर पर चोट के निशान है, ऐसे में उसकी हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस
ने जांच की मांग की है। सूचना के बाद जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम
के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को देर रात
सूचना मिली थी कि घोड़ा फार्म रोड पर रेलवे लाइन के पास एक युवक का शव पड़ा है। इस
पर जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को
भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच के दौरान मृतक
के पास ही उसकी बाइक भी खड़ी मिली वहीं पास में कुछ डंडे भी पड़े हुए थे, जिससे मामला
और संदिग्ध हो गया है। परिजनों के अनुसार साहिल तीन मार्च को नई बाइक लेकर आया था।
उन्होंने बताया कि साहिल शाम को बाइक लेकर घर से निकला था और दोस्तों के साथ शराब पार्टी
कर रहा था।
परिजनों ने शनिवार काे बताया कि देर रात तक साहिल घर नहीं लौटा तो उन्होंने उसकी तलाश
शुरू की। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि साहिल का शव रेलवे लाइन के पास पड़ी हुई है।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। मृतक के शरीर पर चोट
के निशान देख परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से मामले की गहन जांच की
मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के बारे
में सटीक जानकारी मिल सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के
बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

