हिसार : ओलावृष्टि से किसानों की फसल तबाह, तुरंत गिरदावरी करके मुआवजा दे सरकार : बहबलपुरिया
हिसार में बारिश-ओलों ने मचाई तबाही, किसानों
को तुरंत राहत दे सरकार
हिसार, 01 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस जिला अध्यक्ष
बृजलाल बहबलपुरिया ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई तेज बारिश व ओलावृष्टि से
किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने भाजपा सरकार
पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि हाल ही में बदले मौसम के कारण जिला
के अनेक गांवों में ओलावृष्टि और तेज बारिश हुई, जिससे गेहूं, सरसों और चना जैसी मुख्य
फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने
बुधवार काे बताया कि जाखोद खेड़ा, मंगाली, सिंघरान, हरिकोट, डाबड़ा, कालवास, काबरेल, चौधरीवाली,
घुड़साल, बांडाहेड़ी, तेलनवाली, कुतियावाली, डोभी, खारिया, रावतखेड़ा, सिवानी, चिड़ौद,
ढाणी सीसवाल, आदमपुर, बालसमंद, किरतान, रावलवास, शाहपुर, सीसवाला और बगला सहित कई गांवों
में तेज ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसी तरह रायपुर, शिकारपुर, खोखा,
धांसू, खरकड़ी, नियाणा, मिर्जापुर, बुगाना, राजली, पंघाल, ढाणी खानबहादुर, मिरदाद और
बधावड़ जैसे गांवों में भी हल्की ओलावृष्टि दर्ज की गई है। हिसार शहर में भी दोपहर
बाद अचानक मौसम बदलने से ओले गिरे, जिससे आसपास के क्षेत्रों में नुकसान और बढ़ गया।
बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि किसानों की महीनों
की मेहनत पर इस प्राकृतिक आपदा ने पानी फेर दिया है और किसान आर्थिक संकट के दौर से
गुजर रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि बिना किसी देरी के प्रभावित क्षेत्रों
में तुरंत गिरदावरी करवाई जाए, ताकि वास्तविक नुकसान का सही आंकलन हो सके।
उन्होंने
कहा कि सरकार को जल्द से जल्द प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा जारी करना चाहिए, ताकि
किसानों को आर्थिक राहत मिल सके और वे दोबारा खेती के लिए तैयार हो सकें। साथ ही प्रशासन
को निर्देश दिए जाएं कि गांव-गांव जाकर सर्वे कर कोई भी प्रभावित किसान राहत से वंचित
न रहे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार ने शीघ्र कदम नहीं उठाए,
तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हक में सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी।
कांग्रेस पार्टी हर हाल में किसानों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई जारी
रखेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

