हांसी : ग्रामीणों ने रुकवाया चानौत में पाइपलाइन बिछाने का कार्य
धरना 40वें दिन भी जारी, की सरकार विरोधी नारेबाजी
हांसी, 24 जून (हि.स.)। बरवाला रोड स्थित चानौत
प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में 40 दिन बाद शहर के लिए प्रस्तावित पाइपलाइन बिछाने
का कार्य शुरू करवाया, लेकिन ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच इसका विरोध करते हुए काम रुकवा
दिया। इसके बाद आंदोलन के एक बार फिर जोर पकड़ने के आसार बन गए हैं।
धरनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों और आंदोलनकारियों
ने बुधवार काे कहा कि जब तक चानौत गांव की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता,
तब तक गांव की जमीन से होकर शहर के लिए नई पाइपलाइन नहीं बिछाने दी जाएगी। ग्रामीणों
का आरोप है कि गांव लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहा है, जबकि प्रशासन पहले शहर
की जरूरतों को प्राथमिकता दे रहा है। ग्रामीणों द्वारा पाइपलाइन बिछाने का विरोध किए जाने के बाद
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए डीएसपी रविन्द्र सांगवान ने पुलिस बल को पीछे हटने के
निर्देश देते हुए पाइपलाइन बिछाने का काम रुकवा दिया। पुलिस के साथ वापस लौट गए।
पाइपलाइन लाइन बिछाने के कार्य के लिए बिजली निगम के एसडीओ मोहनलाल को ड्यूटी मजिस्ट्रेट
नियुक्त किया गया है। एहतियात के तौर पर अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया
गया था, लेकिन ग्रामीणों के विरोध और तनावपूर्ण और टकराव की स्थिति को देखते हुए पुलिस
बीच में काम रोक कर वापस लौट आई।
आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि प्रशासन वास्तव में
समस्या का समाधान चाहता है तो पहले मुख्य पाइपलाइन में चानौत गांव का हिस्सा जोड़कर
गांव के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करे और उसके बाद आगे की लाइन बिछाने का कार्य
करे। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के हिस्से का प्रावधान किए बिना केवल शहर के लिए
पाइपलाइन बिछाना ग्रामीणों के साथ अन्याय है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि चानौत गांव
को नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति की गारंटी दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब
तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन और धरना जारी रहेगा तथा पाइपलाइन निर्माण
कार्य का विरोध किया जाएगा।
उधर, गांव में पानी की मांग पर चल रहा जल आंदोलन
बुधवार को 40वें दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर दिनभर ग्रामीणों व नेताओं की आवाजाही
बनी रही और आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की। क्षेत्र में
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

