home page

हरियाणा में दीपावली पर बिजली कर्मियों को 2000 का तोहफा

 | 

दोनों निगमों के नियमित व आउटसोर्सिंग कर्मियों को मिलेगा लाभ

चंडीगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने बिजली कर्मियों को दिवाली गिफ्ट के तौर पर 2000 रुपये टोकन मनी का तोहफा दिया है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) और उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) की ओर से चीफ इंजीनियर, एसई और एक्सईएन को भेजे पत्र में स्पष्ट किया है कि निगम द्वारा ग्रुप सी और ग्रुप डी के नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ अनुबंध आधार पर कार्यरत कर्मचारियों एवं अन्य श्रेणियों के वर्करों को भी 2,000 रुपये का दिवाली टोकन गिफ्ट दिया जाएगा। खास बात यह है कि इस सुविधा के दायरे में एचकेआरएन, अन्य ठेकेदार के माध्यम से कार्यरत कर्मचारी, डीसी रेट और पार्ट टाइम वर्करों को भी शामिल किया गया है। इससे निगम में विभिन्न श्रेणियों के तहत सेवाएं दे रहे पात्र कर्मचारियों की दिवाली की खुशियां बढ़ेंगी।

दोनों निगमों के वित्त एवं लेखा विभाग की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि 2000 रुपये का टोकन गिफ्ट कर्मचारियों और पात्र वर्करों के बैंक खातों में सीधे जमा करवाया जाएगा। आदेश के मुताबिक, केवल उन्हीं कर्मचारियों एवं अन्य वर्करों को टोकन गिफ्ट का लाभ मिलेगा, जो 1 नवंबर 2026 तक निगम में सेवा में कार्यरत थे। इसमें नियमित कर्मचारियों के अलावा अनुबंध आधार पर नियुक्त कर्मियों, एचकेआरएनएल के माध्यम से लगाए गए कर्मचारियों, अन्य ठेकेदारों के अधीन कार्यरत वर्करों, डीसी रेट तथा पार्ट टाइम कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है।

डीएचबीवीएन और यूएचबीवीएन की ओर से डीडीओ को निर्देश दिए हैं कि पात्र ग्रुप सी और ग्रुप डी कर्मचारियों तथा अन्य वर्करों के बैंक खातों में टोकन गिफ्ट की राशि का भुगतान दीपावली से काफी पहले सुनिश्चित किया जाए। खर्च निगम के ग्रुप हेड 75.760 'दिवाली टोकन गिफ्ट' के तहत वहन किया जाएगा। निगम के इस फैसले से नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ अनुबंधित और विभिन्न माध्यमों से कार्यरत वर्करों में खुशी का माहौल है। ग्रुप सी और ग्रुप डी के पुनर्नियुक्त (री-एम्प्लॉयड) कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है। यानी निगम प्रबंधन ने नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ अलग-अलग व्यवस्थाओं के तहत सेवाएं दे रहे पात्र कर्मियों को भी दीपावली के अवसर पर आर्थिक सौगात देने का फैसला किया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा