home page

हरियाणा में एग्री डिस्कॉम के नाम से तीसरी बिजली कंपनी का गठन

 | 

सरकार ने जारी की अधिसूचना

चंडीगढ़, 06 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में अब तीन बिजली कंपनियां काम करेंगी। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के साथ-साथ अब तीसरी कंपनी हरियाणा एग्री डिस्कॉम भी काम करेगी। राज्य सरकार ने सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।

हरियाणा एग्री डिस्काम का उद्देश्य किसानों को निर्बाध और सस्ती बिजली उपलब्ध कराना होगा। फिलहाल राज्य सरकार किसानों को 10 पैसे प्रति यूनिट की दर से सस्ती बिजली उपलब्ध करा रही है। किसानों को सब्सिडी के रूप में हर साल करीब सात हजार करोड़ रुपये प्रदान किए जाते हैं, जिसमें कमी लाना तीसरी बिजली कंपनी के प्रमुख कार्यों का एक बड़ा हिस्सा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हाल ही में बजट के दौरान तीसरी कंपनी के गठन का ऐलान किया था। इससे जहां किसानों को सस्ती और भरोसेमंद बिजली मिलेगी, वहीं राज्य की बिजली व्यवस्था में दक्षता और पारदर्शिता भी बढ़ेगी।

ऊर्जा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, तीसरा बिजली वितरण निगम बनने से विशेष रूप से कृषि उपभोक्ताओं को बिना किसी बाधा के बिजली सेवाएं मिल सकेंगी। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से 10 और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से 13 जिलों में फिलहाल बिजली की आपूर्ति की जा रही है।

जनवरी 2026 के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के 3 लाख 54 हजार 502 कृषि उपभोक्ता, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के 3 लाख 62 हजार 712 कृषि उपभोक्ता, कुल 7 लाख 17 हजार 214 कृषि उपभोक्ता नए हरियाणा एग्री डिस्काम में स्थानांतरित होंगे।

नई कंपनी के गठन से निगमों के कामकाज में बदलाव आएगा। 159 बिजली खरीद समझौते (पीपीए) तीनों बिजली वितरण कंपनियों में बांटे जाएंगे। सस्ती बिजली पहले कृषि डिस्काम को दी जाएगी। सौर योजनाएं (पीएम-कुसुम) का काम भी इसी कंपनी को आवंटित होगा।

कृषि श्रेणी से जुड़े 166.82 करोड़ रुपये के बकाया नई तीसरी बिजली कंपनी में ट्रांसफर होंगे। करीब 5,427 करोड़ रुपये की कुल देनदारियां भी हस्तांतरित होंगी। 11 केवी फीडर, ट्रांसफार्मर और लाइनें भी नए निगम को दी जाएंगी। सरकार ने लक्ष्य रखा है कि सभी तैयारियां पूरी कर 15 अगस्त 2026 से हरियाणा एग्री डिस्काम काम शुरू कर दे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा