हरियाणा की बेटी सीमा सांगवान ने राष्ट्रमंडल खेलों में जीता कांस्य पदक
- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी बधाई
चंडीगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। भिवानी जिले के छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचीं महिला एथलीट सीमा सांगवान ने डिस्कस थ्रो स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया और देश की झोली में एक और मेडल डाला।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सीमा सांगवान को बधाई देते हुए कहा कि सीमा ने अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट खेल भावना से डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा की यह ऐतिहासिक सफलता न केवल हरियाणा के लिए बल्कि पूरे भारतवर्ष के लिए गर्व का विषय है। उनकी यह उपलब्धि राज्य की अन्य युवा महिला खिलाडिय़ों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढऩे और नई बुलंदियों को छूने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि हरियाणा सरकार लगातार खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन और विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। आज हरियाणा के युवा हर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का परचम लहरा रहे हैं, जिसका श्रेय खिलाड़ियों की अथक मेहनत और राज्य सरकार की खेल-अनुकूल नीतियों को जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

