home page

सोनीपत:पात्र लाभार्थियों को बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ मिले: सांसद ब्रह्मचारी

 | 
सोनीपत:पात्र लाभार्थियों को बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ मिले: सांसद ब्रह्मचारी


सोनीपत, 18 जून (हि.स.)। सोनीपत

सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकार की

सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचे। उन्होंने

कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखना

आवश्यक है तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

जिला

विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक में गुरुवार को सांसद ने विभिन्न

विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में 66 एजेंडा बिंदुओं पर

विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति, बजट और आगामी कार्ययोजना

की जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक

सहायता कार्यक्रम, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, मनरेगा,

किसान क्रेडिट कार्ड, राष्ट्रीय कृषि बाजार, दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण

आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), सांसद आदर्श ग्राम योजना, स्वच्छ

भारत मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं

की समीक्षा की गई।

सांसद

ने दिव्यांगजनों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मुख्य

चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सरकारी अस्पतालों में दिव्यांगजनों के लिए अलग

सुविधा काउंटर अथवा विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी दिव्यांगजन को अधिकारियों

से मिलने या अपनी समस्या रखने के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े तथा उनकी समस्याओं

का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

उन्होंने

दिव्यांगजनों के लिए संचालित देखभाल केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और कमियां मिलने

पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र

बनाने की प्रक्रिया को सरल और तेज करने पर बल देते हुए जिला नागरिक अस्पताल में अधिक

से अधिक प्रमाण पत्र जारी करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने को कहा। बैठक

में मेयर राजीव जैन ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक कारण के बिना दिव्यांगजनों

को पीजीआई रोहतक रेफर न किया जाए।

सांसद

ने हरिद्वार के लिए वातानुकूलित बस सेवा शुरू करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश

दिए। बैठक

में उपायुक्त नेहा सिंह, विधायक इंदूराज नरवाल, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा सहित

विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना