home page

सोनीपत: हरियाणा ने मेहनत व प्रतिभा से बनाई अलग पहचान : निखिल मदान

 | 
सोनीपत: हरियाणा ने मेहनत व प्रतिभा से बनाई अलग पहचान : निखिल मदान


सोनीपत: हरियाणा ने मेहनत व प्रतिभा से बनाई अलग पहचान : निखिल मदान


-युवा शिक्षा और सकारात्मक

सोच को बनाएं लक्ष्य : देवेंद्र कादियान

-संस्कृति और एकता

हरियाणा की असली ताकत : राजीव जैन

सोनीपत, 01 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा दिवस पर रविवार को जीटी रोड स्थित स्वर्णप्रस्थ पब्लिक

स्कूल में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह आयोजित किया गया। इसमें सोनीपत के विधायक

निखिल मदान, गन्नौर के विधायक देवेंद्र कादियान और नगर निगम के महापौर राजीव जैन ने

शिरकत की। जनप्रतिनिधियों ने हरियाणा की विकास यात्रा, किसानों, सैनिकों और खिलाड़ियों

के योगदान तथा युवाओं की जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला। समारोह में उपस्थित लोगों ने ऑनलाइन

माध्यम से कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन भी सुने।

सोनीपत के विधायक निखिल मदान ने विद्यार्थियों और शिक्षकों

को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरियाणा को जय जवान, जय किसान और जय

पहलवान की भूमि के रूप में जाना जाता है। एक नवंबर 1966 को अलग राज्य बनने के बाद प्रदेश

ने लगातार प्रगति की है। आज यहां के युवा शिक्षा, खेल, तकनीक और उद्योग सहित विभिन्न

क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम तकनीकी विकास के लिए जाना जाता

है, जबकि सोनीपत में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। खरखौदा में औद्योगिक इकाइयों

की स्थापना, गन्नौर में बड़ी मंडी तथा सड़क और परिवहन सुविधाओं का विस्तार विकास को

गति दे रहा है। गन्नौर के विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि हरियाणा ने मेहनत,

प्रतिभा और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रदेश के सैनिक

सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, किसान अन्न भंडार भर रहे हैं और खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय

स्तर पर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। सोनीपत में औद्योगिक और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार

भी विकास की नई संभावनाएं खोल रहा है। महापौर राजीव जैन ने कहा कि हरियाणा के गठन के समय विकास को

लेकर कई सवाल थे, लेकिन प्रदेशवासियों की मेहनत और लगन ने इसे देश के अग्रणी राज्यों

में शामिल किया। खेती, खेल, उद्योग और राष्ट्रीय सुरक्षा में हरियाणा का योगदान उल्लेखनीय

है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की संस्कृति, परंपराएं और सामाजिक एकजुटता उसकी असली ताकत

हैं। जाति-पाति और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर काम करने से हरियाणा और मजबूत बनेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना