home page

सोनीपत: स्वर्णप्रस्थ संग्रहालय में पुलिस की शौर्य गाथाओं और ऐतिहासिक विरासत का प्रदर्शन

 | 
सोनीपत: स्वर्णप्रस्थ संग्रहालय में पुलिस की शौर्य गाथाओं और ऐतिहासिक विरासत का प्रदर्शन


सोनीपत, 24 नवंबर (हि.स.)। स्वर्णप्रस्थ संग्रहालय में आयोजित विश्व धरोहर सप्ताह का

छठा दिन हरियाणा पुलिस की गौरवशाली विरासत और शौर्य गाथाओं को समर्पित रहा। मंगलवार को इस दौरान

पुलिस गैलरी में प्रदर्शित ऐतिहासिक वर्दियों, हथियारों और दुर्लभ वस्तुओं के माध्यम

से पुलिस विभाग के इतिहास और जवानों के बलिदान की जानकारी दी गई। यहां देश और समाज

की सुरक्षा करते हुए प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस जवानों की वीरता की कहानी भी देखने

को मिली।

कार्यक्रम में हरियाणा पुलिस में तैनात एसीपी अमित धनखड़ ने

मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने पुलिस जवानों के साथ गैलरी का अवलोकन कर

कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर ब्यूटीफिकेशन सोसाइटी के सदस्य सचिव राजेश कुमार

खत्री ने गोल्डन धागों से निर्मित वस्त्र और मोर पंख भेंट कर उनका स्वागत किया।

एसीपी अमित धनखड़ ने कहा कि स्वर्णप्रस्थ संग्रहालय में पुलिस

गैलरी की स्थापना विभाग के लिए गर्व की बात है। इसमें उन पुलिस जवानों की शौर्य गाथाओं

को स्थान दिया गया है, जिन्होंने आमजन की सुरक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च

बलिदान दिया। पुलिस गैलरी में वर्ष 1829 और 1853 से संबंधित ऐतिहासिक वर्दियां प्रदर्शित

की गई हैं। इनके साथ आईजी स्तर के अधिकारियों और पुलिस जवानों की वर्दियां भी रखी गई

हैं। अंग्रेजों के शासनकाल की पुरानी पिस्तौल और करीब 200 वर्ष पुरानी चमड़े से बनी

छितर भी लोगों के आकर्षण का केंद्र हैं।

ब्यूटीफिकेशन सोसाइटी के सदस्य सचिव राजेश कुमार खत्री ने

बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों और आमजन को 100 से लेकर 5000 वर्ष

पुराने इतिहास तथा महाभारत काल से जुड़ी विरासत को जानने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने

बताया कि संग्रहालय में सिंचाई के प्राचीन साधन रहट, वर्ष 1856 में बना भाप से चलने

वाला स्टीम रोड रोलर और करीब 400 वर्ष पुराना पत्थर का झरोखा भी लोगों के आकर्षण का

केंद्र बने हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना